शनिवार को राजस्थान राज्य के राज्यपाल श्री कलराज मिश्र मेहंदीपुर बालाजी मंदिर पहुंचे। उन्होंने श्री बालाजी महाराज के परिवार सहित नैना राम झांकी के दर्शन किए।
विशेष पूजा अर्चना के बाद मंदिर में पंडितों ने माननीय राज्यपाल को श्री बालाजी महाराज के स्वर्ण चोले का तिलक लगाया और माला पहनायी।
राज्यपाल के साथ देवस्थान मंत्री श्री विश्वेन्द्र सिंह भी पहुंचे। राज्यपाल ने करीब 20 मिनट श्री बालाजी महाराज के मंदिर रूके और बालाजी महाराज की आरती उतारी तथा पूजा अर्चना की एवं भेंट, प्रसादी चढ़ायी।
इसके बाद श्री भैरो बाबा व श्री प्रेतराज सरकार के दर्शन भी किए। मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने माननीय राज्यपाल को बालाजी महाराज की प्रतिमा जड़ित तस्वीर व प्रसादी भेंट की। सेवकों द्वारा महामहिम को शॉल भेंट की गई।
दर्शनों के उपरांत महामहिम राज्यपाल जी ने श्री राम आश्रम में भोजन ग्रहण किया। राज्यपाल महोदय की सुरक्षा की दृष्टि से कुछ समय के लिए बालाजी मोड़ से मंदिर तक का मार्ग वाहनों का आवागमन रोका गया। रास्ते व बाजार में सुरक्षा हेतु सुरक्षाकर्मियों को आला अधिकारियों सहित लगाया गया जो पूरी मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी करते नजर आए।
देवस्थान मंत्री ने प्रेस वार्ता में कहा कि उन्होंने महामहिम से निवेदन किया था कि वे यहां पधारे। उन्होंने हमारे निवेदन को स्वीकारा और हमें लगता है कि इससे इस दौरे से स्थान को काफी लाभ पहुंचेगा।
महामहिम श्री राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा कि श्री बालाजी महाराज सब कुछ प्रदान करने वाले हैं, सबके मन की अभिलाषा को समझते हैं और ये सारा क्षेत्र सशक्त बने, स्वस्थ बने और आध्यात्मिक उज्जवल बने इस प्रकार की प्रेरणा प्रदान करने वाले हैं।
मैंने राजस्थान प्रदेश सबल, स्वस्थ, संपन्न और आध्यात्मिक प्रेरणा से काम करने वाला प्रदेश बने, पूरे भारत की स्थिति सुदृढ़ हो, आर्थिक रूप से सम्पन्न हो, हमारी सीमायें सुरक्षित हो और दुश्मनों से हम सुरक्षित रहें इसी प्रकार की प्रार्थना मैंने बालाजी महाराज से की हैं।
Tags: कलराज मिश्र मेहंदीपुर बालाजी












